जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से मिला विस्थापित संघर्ष समिति, गोमिया का प्रतिनिधिमंडल।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। विस्थापित संघर्ष समिति, गोमिया का एक प्रतिनिधिमंडल गोमिया में रेल ओवर ब्रिज के निर्माण एवं अधिग्रहण के लिए चिह्नित भूमि के मुआवजा भुगतान पर हस्तक्षेप की मांग को लेकर बोकारो जिला भु-अर्जन पदाधिकारी अनुराधा कुमारी से मुलाकात किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे विस्थापित संघर्ष समिति, गोमिया के सचिव -सह- माकपा नेता राकेश कुमार ने जिला भु-अर्जन पदाधिकारी अनुराधा कुमारी से कहा अक्टूबर 2023 में ओवरब्रिज के निर्माण के लिए हुई ग्राम सभा के बाद लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा है, जिसका मुख्य कारण अधिग्रहण के लिए चिह्नित भूमि का मुआवजा भुगतान में विलंब होना है। उन्होंने कहा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आज तक लंबित है जिस पर संबंधित विभाग उदासीन है। उन्होंने जिला भु-अर्जन पदाधिकारी अनुराधा कुमारी से यह मांग किया कि वह स्वयं हस्तक्षेप कर इस अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएं। राकेश कुमार ने कहा कि यह बहुत ही चिंता का विषय है जिस परियोजना के लिए संबंधित रैयत खुशी-खुशी अपनी जमीन देने के लिए तैयार हैं वहां संबंधित विभाग की निष्क्रियता की वजह से अधिग्रहण प्रक्रिया लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सचिव राकेश कुमार के अनुसार जिला भु-अर्जन पदाधिकारी महोदय ने यह आश्वासन दिया है कि वह स्वयं हस्तक्षेप करेगी और जिस भी स्तर पर समस्या उत्पन्न हो रही है उस समस्या का निष्पादन करते हुए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अविलंब पूरा किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में विस्थापित संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनय महतो विस्थापित नेता मुकेश कुमार, अरविंद कुमार च,मन प्रजापति शामिल थे।



