झुंझुनू
22 दिन बाद भी नहीं मिला ककराना का लापता भावेश, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
6 जुलाई को नीमकाथाना में विशाल धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, प्रशासन से जल्द कार्यवाही की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं चंवरा। नीमकाथाना क्षेत्र के निमोद स्थित हिंगलाज माता मंदिर से 22 दिन पहले लापता हुए उदयपुरवाटी क्षेत्र के ग्राम ककराना निवासी बालक भावेश का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान और गहन ऑपरेशन चलाए जाने के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी चिंता और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि 22 दिन बीत जाने के बाद भी भावेश का कोई सुराग नहीं मिलना कई सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो भावेश जमीन में समा गया या आसमान में खो गया हो। इसी चिंता के बीच शुक्रवार को ग्राम ककराना में स्थित लक्ष्मण महाराज के मंदिर में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने एकत्रित होकर भावेश की सकुशल घर वापसी के लिए विशेष प्रार्थना और मन्नत मांगी। श्रद्धालुओं ने लक्ष्मण महाराज से बालक की सुरक्षित वापसी की कामना करते हुए जल्द से जल्द उसके मिलने की प्रार्थना की। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले प्रशासन ने भावेश की तलाश के लिए सात दिन का समय मांगा था, लेकिन वह अवधि भी समाप्त हो चुकी है और अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि जल्द ही भावेश का पता नहीं लगाया गया तो 6 जुलाई को नीमकाथाना में विशाल धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक भावेश का पता नहीं चलता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर भावेश को जल्द से जल्द तलाश किया जाए ताकि परिवार को राहत मिल सके। इस अवसर पर मीन सेना प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मीणा किशोरपुरा, सरपंच प्रतिनिधि प्रभाती लाल सैनी, दुर्गा सिंह शेखावत,कुलदीप स्वामी, सागरमल खटाना सेवानिवृत्त प्राचार्य, सुमेर कोली, महेंद्र सिंह शेखावत, महावीर सिंह शेखावत, पवन टेलर , पूरणमल गोरा, सुबोध कुमार सैनी, नाथू सिंह शेखावत, दिनेश योगी, शीशराम खटाणा सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।




