उत्तरकाशी

कैबिनेट मंत्री ने किया ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ।

कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ने गिनाईं सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां।

सेवा,सुशासन और समर्पण,उत्तरकाशी में किसानों,महिलाओं और दिव्यांगजनों को बांटे गए लाखों के चेक व सहायक उपकरण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार से सेवा पखवाड़े का विधिवत आगाज हो गया है। प्रदेश के कैबिनेट एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रभारी मंत्री ने विधिवत रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर इस राज्यव्यापी अभियान के तहत जिला स्तरीय सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं,विकास कार्यों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाले विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनियां और विशेष स्टॉल लगाए। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति जानी।

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव के कारण प्रदेश में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है।साल 2014 के बाद से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता के लिए कई कड़े फैसले लिए हैं। प्रदेश में ऐतिहासिक समान नागरिक संहिता कानून लागू किया गया।युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया।प्रदेश की शांति और सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए सख्त दंगा विरोधी कानून लागू किया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार राज्य को नेशनल गेम्स की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ। नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4% क्षैतिज आरक्षण देने का फैसला किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिलाओं को प्रशासनिक सेवाओं और निर्णयों में आगे लाने के लिए सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 2 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जन-सरोकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का मुख्य ध्येय शासन और प्रशासन की सेवाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सीधे पहुंचाना है।

गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं।विकास की दौड़ में हमारा राज्य देश के अन्य बड़े राज्यों की भांति तेजी से आगे बढ़ रहा है।विधायक ने अपनी विधानसभा में चल रहे और आगामी बड़े प्रोजेक्ट्स का ब्योरा देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 23 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 113 करोड़ की लागत से जल्द ही ‘आस्था पथ’ का काम शुरू होने वाला है।गंगोत्री विधानसभा में 1 अरब से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा एक अरब से अधिक 15 नई सड़कों की डीपीआर तैयार कर ली गई है,जिन पर बहुत जल्द धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।

कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित सेवा,सुशासन और समर्पण पर आधारित विकास पुस्तिका और प्रचार साहित्य का वितरण किया गया।साथ ही कार्यक्रम में विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा सरकार की योजनाओं,नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ साथ मनोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कृषि,उद्यान,मत्स्य पालन और सहकारिता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले किसानों को बड़ी धनराशि के चेक सौंपे।कीवी और एप्पल मिशन बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 2 प्रगतिशील किसानों को 6 लाख से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए।मत्स्य पालन से जुड़े 4 और कृषि विभाग से जुड़े 3 काश्तकारों 13 लाख से अधिक के चेक प्रदान किए गए।रीप परियोजना के तहत निर्धन परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक मदद दी गई।4 निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार और गाय पालन के लिए 35-35 हजार के चेक सौंपे गए।साथ ही 2 अन्य लाभार्थियों को भी 75-75 हजार की धनराशि के चेक वितरित किए गए।समाज कल्याण विभाग की ओर से 19 दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सहज बनाने के लिए छड़ी, कान की मशीन और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा ने किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान,डीएम प्रशांत आर्य,नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान,जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र चौहान,गड़वाल समन्वयक किशोर भट्ट,ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार,ममता पंवार,रणबीर सिंह महंत,अध्यक्ष दुग्ध संघ गिरीश भट्ट,जिला महामंत्री भाजपा महावीर नेगी,परशुराम जगूड़ी जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली,ज्योति राणा,प्रियंका रावत सहित सीडीओ जय भारत सिंह,एडीएम मुक्ता मिश्र,एसडीएम देवानंद शर्मा,शालिनी नेगी सहित अन्य जिला स्तरीय एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button