गाजियाबाद
लोनी भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में नामों के क्रम को लेकर चर्चा
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने मंच से ही उठाया सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : भारतीय जनता पार्टी के लोनी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उस समय एक अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई, जब नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने अपने संबोधन से पहले मंच पर उपस्थित नेताओं के नामों का उल्लेख करते हुए सूची के क्रम पर ही सवाल उठा दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश एवं क्षेत्रीय स्तर के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच संचालन के दौरान जब क्षेत्रीय अध्यक्ष को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया, तो उन्होंने परंपरा के अनुसार मंचासीन नेताओं के नाम लेने शुरू किए। इसी दौरान उनकी नजर सूची पर गई और उन्होंने मंच से पूछा, “जांगड़ा जी का नाम बाद में क्यों लिखा गया है?”
उस समय मंच पर भाजपा के प्रदेश मंत्री डॉ. परमेंद्र जांगड़ा भी मौजूद थे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने स्वयं सूची में हुई इस त्रुटि की ओर ध्यान दिलाते हुए उनका नाम प्रमुखता से लिया। इसके बाद सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच इस घटनाक्रम की चर्चा शुरू हो गई।
डॉ. परमेंद्र जांगड़ा को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और प्रदेश और क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं में उनकी अच्छी खासी पहचान है।
सम्मेलन के बाद भी कार्यकर्ताओं के बीच नामों के क्रम और मंचीय प्रोटोकॉल को लेकर चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने इसे सूची तैयार करने में हुई सामान्य चूक माना, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में वरिष्ठ पदाधिकारियों को उचित सम्मान न दिए जाने की आवश्यकता से जोड़कर देखा।
हालांकि, इसके पीछे कुछ भी राजनीतिक हो लेकिन क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाव सिंह नागर ने अपनी सूझबूझ से इस मामले को संभाल लिया।



