गाजियाबाद
36 घंटे से बिजली गुल, 15 हजार की आबादी बेहाल
सभासद नगमा ने उठाई ट्रांसफार्मर बढ़ाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। नगरपालिका के वार्ड संख्या-51 की सभासद नगमा ने विद्युत वितरण खंड-प्रथम, लोनी के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर वसुंधरा नगर स्थित 33/11 उपकेंद्र-3 से जुड़े क्षेत्रों में पिछले 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप्प रहने पर अपनी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल करने और इस क्षेत्र के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है।
सभासद ने विधुत अधिकारियों को लिखे अपने पत्र में बताया कि उपकेंद्र-3 के अंतर्गत आने वाले रूपनगर, फूल गार्डन और फरिश्ता गार्डन क्षेत्र पिछले 36 घंटे से अघोषित विद्युत कटौती झेल रहे हैं। बिजली न होने से वार्ड की करीब 15 हजार की आबादी को भीषण गर्मी व उमस के चलते हुए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राशिद गार्डन फीडर पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभासद ने राशिद गार्डन के निकट 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने, फूल गार्डन में 250 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने तथा कविता एन्क्लेव में भी 250 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत भार का संतुलित वितरण करने की मांग की है।
सभासद नगमा ने कहा कि यदि शीघ्र आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासियों की परेशानी और बढ़ेगी। उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है



