नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक एसोसिएशन लोनी तहसील ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र भेजकर लोनी नगर पालिका क्षेत्र के ग्राम मंडोला (मंडोला विहार) में एमएसएस सेटेलाइट सेंटर स्थापित कराने की मांग की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि इससे लोनी समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
एसोसिएशन के सचिव हाजी सरफराज अहमद द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि लोनी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिकाओं में शामिल है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में अब तक कोई सरकारी अस्पताल नहीं है।जहां पर लगभग बीस लाख की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सके । उन्होंने 24 मई 2026 को प्रकाशित एक समाचार का हवाला देते हुए बताया गया कि मंडोला में 200 बेड के सेटेलाइट सेंटर की स्थापना की संभावना जताई गई है, जिसके लिए करीब 10 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।
पत्र के अनुसार मंडोला विहार उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा विकसित आधुनिक आवासीय कॉलोनी है। यह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित है तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी से जुड़ी हुई है। इसके अलावा इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे भी यहां से करीब 5 से 6 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर है।
एसोसिएशन का कहना है कि यदि मंडोला में सेटेलाइट सेंटर स्थापित होता है तो लोनी के साथ-साथ खेकड़ा, बागपत, बड़ौत, छपरौली, बुढ़ाना, शाहपुर, सरधना, कांधला, शामली, सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली स्थित संस्थान तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि लोनी क्षेत्र की लगातार बढ़ती आबादी को देखते हुए उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंडोला में एमएसएस सेटेलाइट सेंटर स्थापित होने से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

