ललितपुर

 एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ

नगर पालिका ने 52,600 पौधे लगाने का लिया संकल्प

राज्यमंत्री और नपाध्यक्ष ने किया पौधारोपण
नागरिकों से पौधों के संरक्षण का भी किया आह्वान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान-2026 एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नगर पालिका परिषद ने वृहद पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। शुभारंभ वार्ड संख्या-20 स्थित मोहल्ला तालाबपुरा के सुम्मेरा तालाब परिसर में राज्यमंत्री मनोहर लाल के मुख्य आतिथ्य एवं नपाध्यक्ष सोनाली जैन के नेतृत्व में पौधारोपण कर किया गया। नपाध्यक्ष को शासन द्वारा दिए गए 52,600 पौधारोपण के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया। अभियान के अंतर्गत सुम्मेरा तालाब, नेहरू नगर श्मशान घाट, जुगपुरा श्मशान घाट, गोविंद सागर बांध के साइफन के समीप तलहटी, पंचमुखी हनुमान मंदिर, बालखंडी मंदिर सहित नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर छायादार, फलदार एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, वर्षा चक्र और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान अपनी मां, मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का भावनात्मक अभियान है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में 32 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे जनसहभागिता से ही सफल बनाया जा सकता है। नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन की आधारशिला हैं और पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद को मिले 52,600 पौधारोपण के लक्ष्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन की भी प्रभावी व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान मुन्नालाल जैन, बब्बू राजा, पार्षद जगदीश यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सफाई निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हितेंद्र रैकवार, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैराज प्रभारी अमित कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button