गोड्डा
700 से अधिक ग्रामीणों को मिला निःशुल्क नेत्र उपचार का लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अदाणी फाउंडेशन द्वारा पावर प्लांट के कोर क्षेत्र के 13 गांवों में आयोजित 11 दिवसीय विजन केयर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। ग्रामीण समुदाय को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत 700 से अधिक ग्रामीणों की निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार किया गया। कार्यक्रम के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के महिला एवं पुरुष लाभार्थियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्यापक नेत्र जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकता अनुसार 450 से अधिक लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। वहीं, मोतियाबिंद एवं अन्य जटिल नेत्र रोगों से प्रभावित 200 से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ उपचार एवं आगे की चिकित्सा के लिए रेफर किया गया, ताकि उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान को सभी 13 कोर गांवों में उत्साहपूर्ण जनसहभागिता प्राप्त हुई। शिविरों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस पहल ने न केवल लोगों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान में मदद की, बल्कि नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लाभार्थियों ने अदाणी फाउंडेशन की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, जहां विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। उन्होंने निःशुल्क जांच, चश्मा वितरण एवं विशेषज्ञ परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अदाणी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
अदाणी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में सतत एवं प्रभावी पहल के माध्यम से समुदाय के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विज़न केयर कार्यक्रम इसी प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसके माध्यम से सैकड़ों ग्रामीणों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला। भविष्य में भी फाउंडेशन द्वारा समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।



