
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। थाना झिंझाना पुलिस ने ग्राम पिण्डोरा में खेत स्थित नलकूप से कृषि उपकरण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक स्प्रे मशीन और कृषि उपकरण बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पिण्डोरा निवासी रविन्द्र पुत्र संसार सिंह ने 15 जुलाई को अपने खेत स्थित नलकूप से कृषि उपकरण चोरी होने की सूचना थाना झिंझाना में दी थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
रविवार को पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ मक्खन पुत्र ओम सिंह तथा संजीव पुत्र जसवीर, दोनों निवासी ग्राम पिण्डोरा, थाना झिंझाना के रूप में हुई है। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई स्प्रे मशीन और अन्य कृषि उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध इसी मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर पुलिस अब उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका किसी अन्य वारदात से भी संबंध है या नहीं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पूरन सिंह, हेड कांस्टेबल नीटू भाटी, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार तथा हेड कांस्टेबल गौरव शामिल रहे।
इनका कहना है,
झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
