आशीष पाण्डेय ने ऑल इंडिया बार परीक्षा में पहले प्रयास में हासिल की सफलता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली- प्रत्येक माता-पिता का यह सपना होता है कि उनका बच्चा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करे तथा देश के किसी प्रतिष्ठित पद तक पहुंचे। इस सपने को साकार करने में माता-पिता का संघर्ष, मार्गदर्शन और आशीर्वाद अहम भूमिका निभाता है। ऐसा ही एक प्रेरक उदाहरण सिंगरौली जिले के जयंत निवासी आशीष पाण्डेय ने प्रस्तुत किया है। आशीष पाण्डेय ने ऑल इंडिया बार परीक्षा (AIBE) 2026 में उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जारी परिणाम के अनुसार, परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अब वे अखिल भारतीय स्तर पर किसी भी न्यायालय में वकालत करने के लिए अधिकृत हो गए हैं।
आशीष पाण्डेय के पिता धनेश पाण्डेय पेशे से किसान हैं, जबकि माता ममता पाण्डेय गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है।
अपनी सफलता के बारे में आशीष पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने पूरी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पिता के संघर्ष, माता के आशीर्वाद के साथ-साथ बड़े पापा राजेश पाण्डेय एवं बड़ी माता पुष्पा पाण्डेय के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। आशीष की इस सफलता से गांव और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है, वहीं युवा वर्ग के लिए यह उपलब्धि प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है। उन्होंने बताया कि आगे वह ज्यूडिशरी की तैयारी करने में लगे हुए हैं।



