जामताड़ा
करमाटांड़ प्रखंड सभागार में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर को मिला बेहतर प्रतिसाद
पहले दिन 111 आवेदन हुए जमा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
करमाटांड़ : प्रखंड मे जिला परिवहन कार्यालय, जामताड़ा द्वारा करमाटांड़ प्रखंड सभागार में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस (एलएल/डीएल) शिविर में पहले दिन लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। वाहन चालकों, युवाओं एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर लर्निंग लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।
शिविर के पहले दिन कुल 111 आवेदन पत्र जमा किए गए, जिनमें 100 सामान्य आवेदकों के आवेदन तथा 11 महिलाओं के आवेदन शामिल हैं। परिवहन विभाग की टीम ने आवेदनों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। साथ ही आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस टेस्ट, ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया तथा जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।
शिविर में कार्यरत विभागीय कर्मियों ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। सामान्य स्थिति में जो आवेदन 5 से 10 मिनट में अपलोड हो जाना चाहिए, उसे अपलोड होने में 20 से 25 मिनट का समय लग रहा है। इसके कारण आवेदकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं शिविर स्थल पर बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं रही, जिससे कार्य संचालन में बीच-बीच में परेशानी उत्पन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का लर्निंग लाइसेंस 30 दिन पूरा हो चुका है, वे ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर पूरी कराई जा रही हैं। परिवहन विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। यह शिविर 20 एवं 21 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक करमाटांड़ प्रखंड सभागार में आयोजित किया जा रहा है।



