
नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो।
मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के छटीकरा स्थित चारधाम मंदिर के पास रविवार देर रात दो तेज रफ्तार कार आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जबकि दूसरी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे दिल्ली से मथुरा की ओर आ रही अर्टिगा और होंडा सिटी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा कार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना में होडल निवासी कुलदीप घायल हो गया। सूचना पर जैतध्यक्ष जैंत सोनू कुमार व एसआई रामदेव शर्मा मौके पर पहुंचे। थाना पुलिस ने घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।



