
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए महुअन टोल प्लाजा पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन और टोल ऑथोरिटी ने महुअन टोल पर किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिये कमर कस ली है। अधिकारियों ने बताया कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिये उनको समझाया जाएगा, आगे कूच ना करने के लिये निवेदन किया जायेगा। संसद के मानसून सत्र के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों और नई दिल्ली जिले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है जिसके तहत 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने, रैलियां निकालने और प्रदर्शन करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध होता है। किसान राजधानी में आयोजित होने वाली ‘‘किसान महापंचायत’’ में शामिल होने जा रहे हैं। सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी ने बताया कि शासन के आदेशानुसार किसानों को समझाने के लिये महुअन टोल पर पुलिसकर्मी तैनात किए गये हैं।



