गाजियाबाद
हिंडन बैराज पुल की टूटी सुरक्षा जालियां बनीं हादसों का कारण
यात्रियों ने मरम्मत की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद-एनसीआर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हिंडन बैराज पुल पर लगी सुरक्षा जालियां कई स्थानों से क्षतिग्रस्त होकर नीचे की ओर झुक गई हैं। इससे पुल की प्रभावी चौड़ाई कम हो गई है, जिसके कारण प्रतिदिन यातायात प्रभावित हो रहा है और इसके चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और नियमित रूप से इस मार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों ने जिलाधिकारी गाजियाबाद एवं सिंचाई विभाग से तत्काल इसकी मरम्मत कराने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि पुल पर झुकी हुई लोहे की जालियां वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रही हैं।जिस कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालकों को जालियों से बचने के लिए अचानक वाहन मोड़ना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। व्यस्त समय में पुल पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
बरसात के मौसम में समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। बारिश के दौरान सड़क फिसलन भरी होने के कारण क्षतिग्रस्त जालियां किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
इस संबंध में बबीता तोमर, पदम सैन, सुरेन्द्र कुमार एडवोकेट, सुशील डेनियल, राजीव कुमार सहित अन्य यात्रियों ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को पत्र भेजकर मांग की है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पुल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त सुरक्षा जालियों की मरम्मत कराई जाए। जहां मरम्मत संभव न हो, वहां नई सुरक्षा जालियां लगाई जाएं, ताकि पुल की चौड़ाई सामान्य हो सके और यातायात सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो।
नागरिकों ने यह भी मांग की है कि पुल पर निरीक्षण एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न न हों और हजारों दैनिक यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने प्रशासन से जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।



