शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, गरीब परिवार का घर जलकर राख
Massive fire caused by short circuit; poor family's home reduced to ashes.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखंड के प्रथम पंचायत अंतर्गत पृथ्वीनगर गांव में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक अत्यंत गरीब परिवार का घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकल सका। हालांकि, घर में रखा पहनने का कपड़ा, बिस्तर, अनाज, खाने-पीने का सामान, नकदी तथा अन्य घरेलू उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो गईं। जानकारी के अनुसार पृथ्वीनगर निवासी अनारुल हक के पुत्र मकसद आलम, महमूद शेख एवं हक साहब एक ही मकान में रहते थे। आग लगने के बाद परिवार के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक दमकल की टीम पहुंची, तब तक आग पूरे घर और उसमें रखे सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परिवार अत्यंत गरीब है और मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। समाचार लिखे जाने तक किसी जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संस्था या प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी। वहीं, इस हादसे से आहत युवा अधिवक्ता हक साहब की तबीयत बिगड़ने की भी सूचना है। उन्हें इलाज के लिए पाकुड़ के सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने की अपील की है, ताकि परिवार दोबारा अपना जीवन सामान्य रूप से शुरू कर सके।



