मथुरा

गोवर्धन की परिक्रमा में भांग का सेवन करने से नौ श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन में गिरिराज तलहटी में चल रहे राजकीय गुरु पूर्णिमा मुड़िया मेले के दौरान परिक्रमा करने आए नौ श्रद्धालुओं की भांग का सेवन करने के बाद तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार छोटी परिक्रमा (राधाकुंड की परिक्रमा) के दौरान पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एक सरकारी ठेके से नौ श्रद्धालुओं ने भांग लेकर उसका सेवन कर लिया। सेवन के कुछ ही देर बाद सभी नौ लोगों को चक्कर, घबराहट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन भेजा गया। कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रभावित लोग मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और आगरा के निवासी हैं। मेले के नोडल अधिकारी डॉ. भूदेव ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करें और अस्वस्थ महसूस होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर या पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button