एसआईबी की टीम ने यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में ई-रीसाइकलिंग फर्म पर छापामार कार्यवाही करते हुए जीएसटी घोटाला पकड़ा
जांच में बड़ा अंतर मिलने पर 80 लाख रुपए जुर्माना जमा कराया

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड़ । धौलाना तहसील के यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में स्थित ई-स्क्रैप रीसाइकलिंग फर्म पर मंगलवार की शाम को जीएसटी विभाग की एसआईबी टीम ने छापामार कार्यवाही की । टीम ने जांच की तो स्टॉक में बड़ा अंतर 2.44 करोड़ रुपए का अंतर सामने आया । जिसके बाद जांच टीम ने मौके पर ही 80 लाख रुपए जीएसटी विभाग के खाते में जमा करा लिए ।
जानकारी के अनुसार , मंगलवार की शाम को जीएसटी विभाग की एसआईबी की दो टीमें धौलाना तहसील के औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईडीसी में स्थित सोरजा रीसाइकलिंग प्राइवेट लिमिटेड फर्म पर पहुंची जो केंद्रीय अधिकार में पंजीकृत है। फर्म स्क्रैप की रीसाइकलिंग का कार्य करते हुए कॉपर, एल्यूमिनियम और प्लास्टिक स्क्रैप की बिक्री करती है। एसआईबी के संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह के निर्देश पर उपायुक्त विमल कुमार दुबे , सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला , राज्य कर अधिकारी सतीश कुमार तिवारी और स्वतंत्र सिंह ने दो टीमें बनाकर एक साथ दोनों स्थानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए जांच की । कारोबार के अनुपात में फर्म संचालक बहुत कम कर जीएसटी जमा कर रहा था। साथ ही बोगस फर्मों से भी कारोबार किया गया था। जांच के दौरान टीम को फर्म के दस्तावेज और स्टॉक में 2.44 करोड रुपए का अंतर मिला और बिना किसी उचित कारण के 4.61 करोड रुपए के इ वे-बिल भी निरस्त कर रखे थे । जिसके बाद टीम ने मौके पर ही करीब 80 लाख रुपए विभाग के खाते में जमा करा लिए । जांच में यह भी पता चला कि फर्म ने 11 करोड़ की फर्जी आईटीसी का दावा किया है। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ।




