गोड्डा

चोरी के छह समरसेबल पंप, बैटरी-इन्वर्टर समेत लाखों का सामान बरामद

दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व औजार भी जब्त

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में लगातार हो रही समरसेबल पंप, बैटरी एवं इन्वर्टर चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके निशानदेही पर चोरी के छह समरसेबल पंप, दो इन्वर्टर, एक बड़ी बैटरी, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा कई औजार बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घाट मंजवारा एवं लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबल पंप तथा लुकलुकी ब्राह्मण टोला स्थित दो घरों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी होने की घटनाओं को लेकर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 126/2026, 127/2026 एवं 129/2026 दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी गए सामान की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरना चौक के समीप दो युवक कम कीमत पर बैटरी एवं इन्वर्टर बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया गया। जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रतन कुमार मांझी (22 वर्ष), पिता रामेश्वर मांझी, निवासी माल डुमरिया, थाना मुफस्सिल बताया। पूछताछ में उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर घाट मंजवारा, लुकलुकी गर्ल्स स्कूल एवं लुकलुकी ब्राह्मण टोला में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के दो इन्वर्टर, एक बड़ी एक्साइड बैटरी तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। वहीं, अन्य अभियुक्त सोनू मिर्धा (19 वर्ष), पिता रामफल मिर्धा, निवासी माल डुमरिया एवं अन्य स्थानों से चोरी के छह समरसेबल पंप भी बरामद किए गए।
पुलिस ने किया बरामद
चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, मैक्रोटेक कंपनी का एक इन्वर्टर, लुमिनस कंपनी का एक इन्वर्टर, एक्साइड कंपनी की एक बड़ी बैटरी, चोरी में प्रयुक्त आरी, प्लास, दो हथौड़ी, रेंच, गड़ासा एवं पेचकस, कुल छह समरसेबल पंप, जिनमें इकोज़ेन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के तीन, ओसवाल कंपनी का एक, सिल्वर कंपनी का एक तथा सीआरआई पीवीपीएमएस प्राइवेट लिमिटेड का एक समरसेबल पंप शामिल है।
छापेमारी दल में थे शामिल 
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। वहीं, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक मधुसूदन मोदक के नेतृत्व में थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, विकास कुमार गुप्ता, राजेश रंजन, परवेज अंसारी, राजेश कुमार ठाकुर, मनोज कुमार मंडल, सीताराम महतो सहित नगर थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button