गोड्डा

18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

 एसपी ने प्रेसवार्ता कर दिया जानकारी 

 एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में कई थाना प्रभारियों की संयुक्त कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उक्त बातें नगर थाना परिसर में प्रेसवार्ता कर एसपी मुकेश कुमार ने दिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज अंसारी (ग्राम धैनुकट्टा, थाना पोड़ैयाहाट), शहनबाज अंसारी (ग्राम देवडांड़, थाना देवडांड़) तथा किस्नु रजक (ग्राम गुंदली टोला, बाघमारा, थाना देवडांड़) शामिल हैं। इनके विरुद्ध गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-138/2026 दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद किया। इनमें स्प्लेंडर-9, ग्लैमर-2, एचएफ डीलक्स-3, होंडा ड्रीम नियो-1, पैशन प्रो-1, होंडा डियो स्कूटी-1 तथा बजाज सीटी-100-1 शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन वाहनों की चोरी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आसपास के इलाकों से भी की गई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शहनबाज अंसारी के विरुद्ध पूर्व से गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-122/2025 दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के अलावा नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, मनोहर कुमार, महावीर पंडित, आनंद साह, विधानचंद्र पटेल, मनीष यादव, मुकेश कुमार राउत, अमित मार्की, बिपिन कुमार यादव, मुकेश महतो, रोहित यादव, अंकित कुमार झा, भोलानाथ दास सहित नगर थाना रिजर्व गार्ड के पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में अपराध एवं वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button