मथुरा
कोसीकलां में रोडवेज बस में निजी बस ने टक्कर मारी, 13 घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन कट के पास तेज रफ्तार निजी बस ने आगे चल रही यूपी रोडवेज ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। ताज डिपो की बस दिल्ली की ओर जा रही थी, जैसे ही बस कोटवन कट के समीप पहुंची तो पीछे से आती निजी बस के चालक ने ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। रोडवेज बस में करीब 25 से अधिक लोग सवार थे। जबकि निजी बस गुरूग्राम जा रही थी। टक्कर के बाद दोनों बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शी उमेश ने बताया कि हरियाणा की निजी बस का चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अखिलेश कुमार, सीओ भूषण वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, कोटवन चौकी प्रभारी उत्तम सिंह चौहान, राजमार्ग बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जबकि 8 अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए, जो प्राथमिक उपचार के बाद गतंव्य की ओर रवाना हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों बसों के चालक और परिचालक मौके से भाग गए।



