खैरथल
महिला सुरक्षा एवं सम्मान पखवाड़े के तहत सुरक्षा सखियों का हुआ सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। महिला सुरक्षा एवं सम्मान पखवाड़े के अंतर्गत खैरथल थाने की ओर से सुरक्षा सखी शिवानी शर्मा एवं पूनम देवी को महिला जागरूकता और सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधिकारी श्रीमती शिवानी, जया सिंह, नेहा आदि ने दोनों सुरक्षा सखियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को राजकॉप सिटीजन (RajCop Citizen) ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह ऐप प्रत्येक नागरिक के मोबाइल में होना चाहिए, क्योंकि इसके माध्यम से घर बैठे ही शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, शिकायत की स्थिति देखी जा सकती है तथा पुलिस से जुड़ी विभिन्न सेवाओं एवं महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ लिया जा सकता है।
साथ ही महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि आजकल ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा कराने, बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग तथा अन्य साइबर अपराधों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों में सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना रहा।



