सिंगरौली

श्रावण के पहले सोमवार पर शिवधाम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

हर-हर महादेव से गूंजा परिसर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर शिवधाम मंदिर, वैढ़न में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। रिमझिम श्रावणी फुहारों के बीच भक्तों ने भगवान भूतभावन भोलेनाथ एवं महामृत्युंजय महादेव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना की।
ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन.पी. मिश्र, महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर वैढ़न के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
श्रावणी वर्षा की शीतल फुहारों के बीच पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के उद्घोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।
पं. डॉ. एन.पी. मिश्र ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान की गई पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए लोककल्याण एवं समाज में सुख-शांति की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button