संभल

टैक्सी स्टैंड की नीलामी निरस्त, बिना वैध ठेके के हो रहा संचालन

कॉलेज को राजस्व का नुकसान।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिरसी (सम्भल) सिरसी स्थित जवाहरलाल मेमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज की भूमि पर संचालित टैक्सी स्टैंड की इस वर्ष प्रस्तावित नीलामी निरस्त हो जाने के बावजूद वहां टैक्सियों का संचालन जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना वैध नीलामी और अधिकृत ठेके के टैक्सियां खड़ी की जा रही हैं, जिससे कॉलेज को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष टैक्सी स्टैंड की नीलामी ₹1,20,000 की बोली पर हुई थी, जिससे कॉलेज को आय प्राप्त हुई थी। इस वर्ष भी नीलामी प्रस्तावित थी, लेकिन किसी कारणवश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और नीलामी निरस्त हो गई। इसके बावजूद टैक्सी स्टैंड पर नियमित रूप से टैक्सियां खड़ी होने और संचालन जारी रहने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नीलामी निरस्त हो चुकी है तो बिना अधिकृत व्यवस्था के टैक्सी स्टैंड का संचालन नियमों के विपरीत माना जाएगा। इससे न केवल कॉलेज को मिलने वाला राजस्व प्रभावित हो रहा है, बल्कि सरकारी संपत्ति के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर टैक्सी स्टैंड के संचालन की स्थिति स्पष्ट करने तथा नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी कर कॉलेज के हितों की रक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार का संचालन किया जा रहा है तो उसकी वैधानिकता और उससे होने वाली आय का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी संस्था को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button