पाकुड़

भूतपूर्व सीएम शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Grand unveiling of the life-size statue of former CM Shibu Soren; public representatives and officials paid heartfelt tributes.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को पुराने डीसी कार्यालय परिसर में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य एवं गरिमामय वातावरण में अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ दिशोम गुरु की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने झारखंड राज्य के निर्माण, आदिवासी समाज के उत्थान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके आजीवन संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। समारोह में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता विकास कुमार त्रिवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि दिशोम गुरु ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि स्थापित की गई यह प्रतिमा झारखंड की गौरवशाली विरासत और जनसंघर्ष की जीवंत पहचान बनेगी। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा की अद्भुत मिसाल है। जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा झारखंड राज्य के निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समरस, न्यायपूर्ण और विकसित झारखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन का जीवन जनसेवा, सामाजिक समरसता, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों का संरक्षण नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है तथा यह प्रतिमा समाज को सेवा, समर्पण, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के मूल्यों की प्रेरणा देती रहेगी। अन्य वक्ताओं ने भी दिशोम गुरु के संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें राज्य की पहचान और जनआंदोलन का प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने दिशोम गुरु को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, उपाध्यक्ष समद अली, केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, जनजातीय समाज के सदस्य, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button