बेतुल
बैतूल देवी की पूजा के साथ नारी के हर रूप का सम्मान भी जरूरी
हर रूप में शक्ति, ममता और कर्तव्य की मिसाल है नारी

बेटी, बहू, मां, सास और पत्नी के रूप में परिवार व समाज की मजबूत आधारशिला है नारी, नवरात्र का पर्व उसकी शक्ति, ममता और कर्तव्यपरायणता को समझने की देता है प्रेरणा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नवरात्र केवल धार्मिक अनुष्ठान और देवी आराधना का पर्व नहीं, बल्कि नारी के वास्तविक महत्व, उसकी आंतरिक शक्ति और समाज में उसकी भूमिका को समझने का अवसर भी है। शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना यह संदेश देती है कि जिस नारी शक्ति की पूजा की जाती है, उसका सम्मान जीवन के प्रत्येक दिन और हर रिश्ते में भी होना चाहिए।
नारी का हर रूप अपने आप में विशेष है। बेटी के रूप में वह परिवार और समाज से प्रेम, अपनापन और अधिकार पाती है। बहू बनकर उसी प्रेम और अपनत्व को अपने कर्तव्यों के माध्यम से पूरे परिवार में बांटती है। मां के रूप में वह ममता, त्याग और स्नेह की प्रतिमूर्ति बनती है, वहीं सास के रूप में परिवार की भावी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने और पारिवारिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। पत्नी के रूप में भी वह जीवन की जिम्मेदारियों को साझा करते हुए परिवार की मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देती है। इन सभी रिश्तों के जरिए नारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाती है।
भारतीय संस्कृति में आदिकाल से ही मां दुर्गा को प्रकृति और शक्ति के स्वरूप में पूजने की परंपरा रही है। समय के बदलाव के बावजूद नारी शक्ति का यह पूजनीय स्थान भारतीय सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। नवरात्र के नौ पवित्र दिन मां दुर्गा की आराधना के माध्यम से समाज को नारी की शक्ति, कर्तव्यपरायणता और उसके सामाजिक योगदान को पहचानने का संदेश देते हैं।
वर्तमान दौर में भी नारी शक्ति की पूजा और वंदना का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन नहीं, बल्कि स्त्री की आंतरिक क्षमता, आत्मसम्मान और महत्व को स्मरण रखना है। नारी विभिन्न पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को प्रेम, जिम्मेदारी और समर्पण से जोड़कर रखती है। ऐसे में नवरात्र का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब देवी की आराधना के साथ हर स्त्री के सम्मान, अधिकार और गरिमा को भी महत्व दिया जाएगा।



