
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में गांधी मैदान में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सह जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष प्राणेश सोलोमन, अनुमंडल पदाधिकारी बैधनाथ उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी एवं राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एकरारूल हसन आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 350 खिलाड़ियों ने निबंधन कर हिस्सा लिया। एसडीओ बैधनाथ उरांव ने कहा कि खेल से अनुशासन और चरित्र का निर्माण होता है। गोड्डा के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा एवं प्रोत्साहन देने का प्रयास करेगा। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष प्राणेश सोलोमन ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और कुसंगति से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संघ का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक प्रखंड की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रशिक्षण मिले। वहीं एकरारूल हसन आलम ने कहा कि खेल के मैदान में भेदभाव की कोई जगह नहीं होती। खेल भावना से ही समाज और देश आगे बढ़ता है। कार्यक्रम का मंच संचालन अमित सिंह अप्पू ने किया। मौके पर जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव पुनीत सिंह, उपाध्यक्ष रमेश झा, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, खो-खो संघ के आर्यन चंद्रवंशी, गुंजन झा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।



