नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। राजस्थान सरकार तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा अभियान” तथा 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” मनाया जाएगा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना एवं अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए गए हैं।
जिला कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर, खैरथल-तिजारा के समग्र पर्यवेक्षण में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद खैरथल-तिजारा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा आयुक्त नगर परिषद खैरथल को सह-नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं ब्लॉक स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विकास अधिकारी एवं शहरी निकाय क्षेत्रों में अधिशाषी अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी के रूप में अभियान का संचालन सुनिश्चित करेंगे।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे कार्यक्रम
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में 13 एवं 14 अगस्त को प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभाजन से संबंधित सामग्री एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा विद्यार्थियों को प्रदर्शनी का भ्रमण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विभाजन से प्रभावित परिवारों एवं उनके प्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, भामाशाहों, दानदाताओं, गणमान्य नागरिकों, कलाकारों, संगीतकारों, खिलाड़ियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा अंत में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। जिला एवं उपखंड स्तर पर कैंडल मार्च का भी आयोजन किया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत होंगे विविध आयोजन
अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जिले में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक तिरंगा हाथ में लेकर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे जिला एवं उपखंड मुख्यालयों पर “हम एक साथ हैं” की भावना के साथ तिरंगा रैली आयोजित होगी। इसमें ई-बाइक, साइकिल एवं ट्रैक्टर रैली के साथ स्थानीय लोक कलाकारों एवं संगीतकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
11 एवं 12 अगस्त को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें तिरंगे एवं वंदे मातरम् से संबंधित प्रदर्शनी, फोटो एवं वीडियो प्रदर्शन, चरखा एवं बुनकरों द्वारा तिरंगा कपड़ा बनाने की कला का प्रदर्शन, राजस्थान की संस्कृति से संबंधित गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
तिरंगा कैनवास और विशेष सजावट
13 से 17 अगस्त तक जिले के प्रमुख कार्यालयों, भवनों, स्मारकों एवं प्रमुख स्थलों को तिरंगा रंग की एलईडी लाइटिंग से सजाया जाएगा। प्रमुख बाजारों में लाइटिंग, माला, दीप सजावट एवं तिरंगा रंगोली बनाई जाएगी। देशभक्ति गीत, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का प्रसारण किया जाएगा।
प्रत्येक नगर एवं पंचायत में प्रमुख बाजार, पंचायत कार्यालय, भारत निर्माण सेवा केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र, बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर तिरंगा कैनवास लगाया जाएगा। आमजन इस पर अपने हस्ताक्षर एवं देशप्रेम से संबंधित संदेश लिख सकेंगे। तिरंगा कैनवास 13 अगस्त को प्रातः 8 बजे लगाया जाएगा तथा 17 अगस्त को सायं 8 बजे हटाया जाएगा।
14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम, 15 अगस्त को ध्वजारोहण
14 अगस्त को सायं 7 बजे प्रत्येक पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों एवं शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा तथा देशभक्ति संगीत एवं स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।
15 अगस्त को जिले के सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों तथा भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। प्रत्येक शहरी निकाय एवं ग्राम पंचायत में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कर देश की एकता एवं अखंडता के लिए तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।
वंदे मातरम् का सामूहिक गायन एवं तिरंगे के साथ सेल्फी
अभियान के दौरान गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप “वंदे मातरम्” के अधिकृत संस्करण का सामूहिक गायन कराया जाएगा। साथ ही आमजन को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान में तिरंगा वॉलंटियर्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कार्मिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को वॉलंटियर के रूप में जोड़कर उन्हें तिरंगा, ध्वजारोहण एवं सेल्फी अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी तथा स्थानीय भाषा में आमजन को जागरूक किया जाएगा।
2.03 लाख तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य
जिले में अभियान के तहत कुल 2 लाख 3 हजार तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें शहरी क्षेत्रों के लिए 34,510 तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 1,68,490 तिरंगों का लक्ष्य निर्धारित है। संबंधित नगर निकायों एवं विकास अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तिरंगों की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित दायित्वों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता के साथ हर घर तिरंगा अभियान एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को सफल बनाया जाए।



