
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पथरगामा थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत रहे शिवदयाल सिंह ने अपनी निष्पक्ष कार्यशैली, अनुशासित पुलिसिंग और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील रवैये से क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई। उनके कार्यों से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें नगर थाना प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अपने कार्यकाल के दौरान शिवदयाल सिंह ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए उनके जागरूकता अभियान की चर्चा जिले के साथ-साथ राज्य स्तर पर भी हुई। उन्होंने पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में लगातार पहल की, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ। शिवदयाल सिंह की पहचान एक ऐसे पुलिस अधिकारी के रूप में रही, जिन्होंने कानून के समक्ष किसी भी प्रकार के राजनीति दबाव को महत्व नहीं दिया। उन्होंने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया तथा अपनी कार्यशैली में निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
वे अक्सर कहा करते थे, “दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष को कभी फंसने नहीं देंगे।” यही सिद्धांत उनके पूरे कार्यकाल की पहचान बना रहा। नगर थाना प्रभारी के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर लोगों को उम्मीद है कि वे अपनी ईमानदार, संवेदनशील और प्रभावी कार्यशैली से वहां भी कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।



