
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीग्राम में सोमवार को 30 वर्षीय पूर्णिमा गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के अंदर फ़ंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा गुप्ता का अपने पहले पति से तला*क हो चुका था। पहली शादी से उसका आठ वर्षीय पुत्र शिवम है। तलाक के बाद करीब तीन माह पूर्व पूर्णिमा ने पड़ोस में रहने वाले बबलू हाड़ी से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था।
मृतका के दूसरे पति बबलू हाड़ी के अनुसार, रविवार रात दोनों घर में सोए हुए थे। सोमवार सुबह नींद खुलने पर उसने पूर्णिमा को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पिता ने लगाया मारपीट का आरोप
मृतका के पिता एवं बारीग्राम निवासी नरेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बड़ी बेटी पूर्णिमा के साथ उसका पति बबलू हाड़ी अक्सर मारपीट करता था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआई सुशील मिश्रा, एएसआई राजेश क्षेत्री और एसआई बिलफ्रेड लकड़ा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेजा गया है। मृतका के पति बबलू हाड़ी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



