
नई दिल्ली। दिल्ली में सीजेपी की प्रस्तावित बैठक से पहले हॉल मालिकों को कथित धमकी देने का दावा सामने आया है। अभिजीत दीपके ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सीजेपी डरने वाली नहीं है। वहीं, सीजेपी ने जंतर-मंतर के सीजन-2 के जल्द शुरू होने का संकेत दिया है और दिल्ली पुलिस से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे हैं।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित सम्मेलन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि बैठक के लिए हॉल बुक करने के बाद उसके मालिकों को धमकियां दी गईं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के लिए भाजपा पर आरोप लगाया। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दीपके ने कहा कि सीजेपी को आज दिल्ली में अपने कार्यकतार्ओं की बैठक करनी थी। इसके लिए पार्टी काफी समय से हॉल की तलाश कर रही थी। उनका दावा है कि कई जगहों पर हॉल देने से इनकार कर दिया गया। हॉल मालिकों ने कथित तौर पर कहा कि उन पर ऊपर से दबाव है।
क्या हॉल बुक करने के बाद शुरू हुआ विवाद?
अभिजीत दीपके ने कहा कि काफी मुश्किलों के बाद सीजेपी ने एक हॉल बुक किया था। उनके पास इसकी रसीद भी है। लेकिन बैठक से पहले ही हॉल के मालिकों को कथित तौर पर धमकी मिली। दीपके ने दावा किया कि मालिकों से कहा गया कि अगर सीजेपी की बैठक यहां होने दी गई तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा की ओर से किया जा रहा है। दीपके ने कहा कि भाजपा के नेताओं के काम और बयान यह दिखाते हैं कि वे देश के युवाओं से डर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को लगता है कि इस तरह की छोटी हरकतों से सीजेपी के कार्यकर्ता डर जाएंगे, तो यह गलतफहमी है।
क्या सीजेपी फिर शुरू करने जा रही है जंतर-मंतर मुहिम?
अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि कई लोग इंस्टाग्राम पर पूछ रहे थे कि जंतर-मंतर का सीजन-2 कब शुरू होगा। दीपके ने कहा कि वह ऐसे लोगों को बताना चाहते हैं कि जंतर-मंतर का सीजन-2 बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। इस बयान से साफ है कि सीजेपी आने वाले दिनों में अपनी गतिविधियां फिर तेज करने की तैयारी में है।
क्या दिल्ली पुलिस से भी जवाब मांग रही सीजेपी?
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस मामले में दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? रांका ने सवाल किया कि क्या दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या दिल्ली पुलिस केवल भाजपा के लिए काम कर रही है। फिलहाल इस पूरे मामले में सीजेपी की ओर से लगाए गए आरोप सामने आए हैं। भाजपा या दिल्ली पुलिस की ओर से इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।



