गोड्डा
गोड्डा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
13 चोरी की बाइक, दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल बरामद

गोड्डा व भागलपुर में करता था चोरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला व आस-पास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की 13 मोटरसाइकिल, दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों गिरफ्तार अभियुक्त गोड्डा जिले के अलावा झारखंड के आसपास के इलाकों तथा बिहार के भागलपुर जिले में मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें अज्ञात लोगों के हाथ बेच देते थे। वहीं, हो रहे बाइक चोरी मामले के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में भोला पंडित, उम्र 30 वर्ष, पिता स्व. शिव कुमार पंडित, निवासी पुरानी साहेबगंज, कुहार, थाना साहेबगंज, जिला साहेबगंज तथा अभिषेक कुमार, उम्र 19 वर्ष, पिता अमरेश कुमार मंडल, निवासी रामराय बाग, खुटहरी, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर (बिहार) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपित चोरी की मोटरसाइकिलों को गोड्डा एवं साहेबगंज के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के विभिन्न स्थानों से चुराते थे। इसके बाद उन्हें भागलपुर जिले के आसपास के क्षेत्रों में अज्ञात लोगों को बेच दिया जाता था। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
13 मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर प्लस की छह, हीरो सुपर स्प्लेंडर की चार, हीरो ग्लैमर की दो और हीरो एचएफ डीलक्स की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा दो मास्टर चाबी और विम्बो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
भोला पर 14, अभिषेक पर छह मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार भोला पंडित के खिलाफ मेहरमा, महागामा, कहलगांव, बोरियो, नगर साहेबगंज, मेहरमा एवं अन्य थानों में मोटरसाइकिल चोरी व अन्य संबंधित धाराओं के कुल 14 मामले दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक कुमार के खिलाफ मेहरमा, बोरियो राज, ललमटिया आदि थानों में छह मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
छापेमारी दल में कई थानों के पुलिस पदाधिकारी शामिल
कार्रवाई के लिए गठित टीम में मेहरमा थाना प्रभारी सह पुअनि सौरभ कुमार ठाकुर, बोआरीजोर थाना प्रभारी सह पुअनि आशीष कु यादव, बलबड्डा थाना प्रभारी सह पुअनि पंकज कुमार सिंह, ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी सह पुअनि राजन कुमार राम, बसंतराय थाना प्रभारी सह पुअनि सत्यदीप कुमार, हनवारा थाना प्रभारी सह पुअनि विकास कुमार समेत मेहरमा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।



