हापुड़

देवनंदिनी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मनाया गया ” दीक्षारंभ एवं स्थापना दिवस-2026

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

हापुड़ । हापुड़ के देवनंदिनी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को बी.एससी. नर्सिंग एवं जी.एन.एम. के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए “दीक्षारम्भ एवं स्थापना दिवस -2026 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया । इस समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता किया ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हापुड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा तथा विशिष्ट अतिथि आई.एम.ए. अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन रहे । इस अवसर पर कॉलेज के ट्रस्टीगण, प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वरिष्ठ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य ने समारोह को सांस्कृतिक गरिमा, ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शाइनी पी.सी. ने अपने संबोधन में कॉलेज की स्थापना से उत्कृष्टता तक की गौरवपूर्ण यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने देवनंदिनी शिक्षण संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा, क्लिनिकल प्रशिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। प्रो. दानिश ने बी.एससी. नर्सिंग एवं जी.एन.एम. के विद्यार्थियों के लिए विस्तृत ओरिएंटेशन प्रस्तुति दी। उन्होंने पाठ्यक्रम, शैक्षणिक व्यवस्था, प्रैक्टिकल एवं लैब्स, कॉलेज की सुविधाएं, परीक्षा एवं उपस्थिति नीति, क्लिनिकल एक्सपोजर के साथ-साथ एंटी-रैगिंग एवं यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित नियमों तथा विद्यार्थी सुरक्षा व्यवस्था के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

देवनंदिनी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन डॉ. श्याम कुमार ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक करियर नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना, अनुशासन और जिम्मेदारी से जुड़ा एक सम्मानित प्रोफेशन है। विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारकुशलता , कौशल एवं प्रोफेशनल एथिक्स पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. विमलेश शर्मा ने विद्यार्थियों को “समय के महत्व और उसके सदुपयोग” का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि देवनंदिनी हेल्थकेयर की वर्षों की स्वास्थ्य सेवा से प्राप्त व्यावहारिक विशेषज्ञता विद्यार्थियों की नर्सिंग शिक्षा एवं क्लिनिकल प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता विकसित कर एक कुशल, संवेदनशील एवं जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए प्रेरित किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button