गोड्डा
गोड्डा में सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में महिला की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर बेलडीहा गांव में अंधविश्वास के कारण एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की जान चली गई। मृतका की पहचान अमित कुमार दास की पत्नी चंदा देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, चंदा देवी अपने पति के साथ घर में जमीन पर सोई हुई थी। इसी दौरान रात के करीब 12:30 बजे एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटने का पता चलते ही परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास के झांसे में आ गए और झाड़-फूंक कराने के लिए ओझा के पास ले गए। ओझा द्वारा काफी देर तक झाड़-फूंक किए जाने के बावजूद जब महिला की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और हालत बिगड़ने लगी, तब परिजन शुक्रवार की दोपहर में उसे लेकर गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने त्वरित इलाज शुरू किया, लेकिन शरीर में जहर फैल जाने के कारण इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराने का लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को स्वजनों को सौंप दिया। समय पर सही चिकित्सीय इलाज न मिलने और अंधविश्वास में वक्त गंवाने के कारण घटी इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।



