
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए निकले 13 वर्षीय शिव भक्त अजीत यादव की धमसाई तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गोरसंडा निवासी अजीत यादव (13), पिता स्व. श्यामधारी यादव, सोमवार की सुबह अपने दो दोस्तों के साथ धमसाई शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकला था। पूजा से पहले उसने पथरगामा स्थित सुंदर नदी में स्नान कर जल भरा और दोस्तों के साथ धमसाई मंदिर पहुंचा। बाबा भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और उत्साह के साथ अजीत अपने साथियों के साथ मंदिर पहुंचा और जल एक दुकानदार के पास रख दिया। जल रखने के बाद अजीत अपने दोनों दोस्तों के साथ धमसाई तालाब में स्नान करने के लिए उतर गया। इसी दौरान दोस्तों के परिजन वहां पहुंचे और अपने बच्चों को डांटकर घर ले गए पर मृतक अजीत तालाब में ही रह गया।अजीत के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने खोजबीन शुरू की। दोस्तों से पूछताछ करने पर पता चला कि अजीत तालाब में स्नान कर रहा था।
मां तत्काल धमसाई मंदिर पहुंची और बेटे के तालाब में डूबने की जानकारी ग्रामीणों को दी। करीब 11 बजे सूचना मिलते ही ग्रामीण तालाब में उतरकर अजीत की तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। बताया जाता है कि अजीत के पिता का निधन पहले ही हो चुका है। वह दो भाइयों में छोटा था। बचपन में ही पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद परिवार के लिए अजीत का इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखदायी है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पथरगामा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।



