बालाघाट

नक्सल मुक्त बालाघाट को विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता का मॉडल बनाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) :  मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत बालाघाट जिले के लांजी में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त बालाघाट को अब विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता का मॉडल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विकास केवल योजनाओं और निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया जाएगा। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के सबसे गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट प्राकृतिक संपदा, कृषि, वन क्षेत्र, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जिला है। जिले के दूरस्थ एवं पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने जिले के दूरस्थ एवं पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे बोंदारी गांव का अवलोकन किया। यहां निवासरत बैगा एवं अन्य जनजातीय परिवारों के लिए अधोसंरचना विकास के साथ आजीविका एवं स्वावलंबन के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन  यादव ने बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इन कार्यों के माध्यम से जिले में सामाजिक एवं मूलभूत अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों सहित रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं का लाभ जिले के दूरस्थ ग्रामों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। ग्राम स्तर पर कैम्प लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। वनाधिकार दावों के निराकरण के लिए भी विशेष रूप से कार्यवाही की जाएगी, ताकि पात्र जनजातीय परिवारों को उनके अधिकारों का लाभ मिल सके।
बैगा समाज के समग्र विकास के लिए बनेगा बैगा प्राधिकरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैगा समाज की अपनी विशिष्ट, समृद्ध और गौरवशाली संस्कृति है। उनकी कला, परंपराएं, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय उत्पाद अमूल्य धरोहर होने के साथ-साथ आर्थिक सशक्तिकरण की बड़ी ताकत भी हैं। बैगा समाज के कल्याण एवं समग्र विकास के लिए बैगा प्राधिकरण का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैगा समाज के पारंपरिक कौशल एवं कला को बढ़ावा देते हुए उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन सहित अन्य स्थानीय आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। महिलाओं की आय और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए भी आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के अवसर विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैगा समाज के विकास के लिए शिक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। बैगा समाज के बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनके लिए बेहतर भविष्य के अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा, कौशल, रोजगार और आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ते हुए समेकित एवं दूरदर्शी विकास योजना तैयार की जाएगी।
बैगा संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को विकास से जोड़ा जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव  ने कहा कि बैगा समाज की पारंपरिक कला, संस्कृति, ज्ञान और स्थानीय उत्पादों को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देते हुए उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ स्थानीय स्तर पर आय के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
डॉ मोहन यादव कहा कि सरकार का संकल्प है कि आने वाले समय में बैगा समाज अन्य समाजों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़े, अपनी चुनौतियों और कमजोरियों को दूर करे तथा विकास की मुख्यधारा में मजबूती के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
पर्यटन की संभावनाओं को इको टूरिज्म से जोड़ेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा तथा होम स्टे को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों और जनजातीय परिवारों को पर्यटन से जोड़कर आय और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी और गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के जनजातीय क्षेत्रों के विकास, कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। बालाघाट का बैगा बहुल क्षेत्र भी सरकार की प्राथमिकताओं में है। इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न कार्य हाथ में लिए गए हैं और आने वाले समय में इन्हें और गति दी जाएगी।
डॉ मोहन यादव कहा कि सरकार का संकल्प है कि बैगा समाज के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर युवा को रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के अवसर मिलें। गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी खुशहाली लाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी।
नक्सलवाद से सुरक्षित बालाघाट अब विकास की नई राह पर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे बालाघाट को सुरक्षित बनाने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक संघर्ष में बड़ी उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति मंजिल नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण में विकास की नई यात्रा की शुरुआत है।
अब हमारा अगला लक्ष्य समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बालाघाट है। जिस संकल्प और दृढ़ता के साथ बालाघाट को नक्सलवाद से सुरक्षित बनाया गया है, उसी ऊर्जा के साथ अब विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ना है। यह सुनिश्चित करना है कि सुरक्षा के साथ हर गांव तक विकास पहुंचे, हर युवा को अवसर मिले, हर परिवार की आय बढ़े और समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान एवं आगे बढ़ने का अवसर मिले।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा संकल्प स्पष्ट है—हर गांव में विकास, हर युवा को अवसर, हर परिवार की आय में वृद्धि और हर समाज को सम्मान। सुरक्षित बालाघाट से अब समृद्ध बालाघाट की ओर बढ़ते हुए अभाव को अवसर में बदलना है और चुनौतियों को आत्मनिर्भरता की ताकत बनाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बालाघाट का विकास करना नहीं, बल्कि ऐसा समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बालाघाट बनाना है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान, हर युवा को अवसर और हर परिवार को बेहतर भविष्य का भरोसा मिले। इसी संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ सरकार जिले के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी शक्ति से कार्य करेगी।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्रीमती भारती पारधी, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क  मनीष सिंह, विधायक राजकुमार कर्राहे, कलेक्टर  कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button