बेतुल
बैतूल रंगों में उकेरा संत रविदास का संदेश, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुलताई | शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई में संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश सरिया ने दीप प्रज्ज्वलन एवं संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने संत रविदास जी के विचारों को वर्तमान समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मौलिकता, विषय की समझ, कलात्मक प्रस्तुति और संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया गया। बी.ए. प्रथम वर्ष के दीपक धुर्वे ने प्रथम, बी.ए. तृतीय वर्ष के देवेंद्र बिहारे ने द्वितीय तथा बी.ए. तृतीय वर्ष की कुमारी निशा नागौरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक डॉ. टी. एम. नागवंशी, सह-संयोजक डॉ. कल्पना बिसन्द्रे एवं प्रभारी डॉ. ममता राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. दीपिका पिपरदे, डॉ. दीपक कुमार मानकर सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। निर्णायक की भूमिका प्रो. तारा बारस्कर, प्रो. प्रियंका भोपते एवं प्रो. अंजली सौदाकर ने निभाई।
कलाकृतियों के जरिए दिया सामाजिक संदेश, प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से जातिगत भेदभाव से मुक्त समाज, समानता और मानवता की भावना को अभिव्यक्त किया। आयोजन ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें सामाजिक चेतना और संत रविदास जी के विचारों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।




