शामली

सड़क हादसे में ट्रक परिचालक की मौत

मेरठ-करनाल हाईवे पर खड़े ट्रक में दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, नीचे दबने से गई जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर ग्राम कालामाजरा के निकट शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में ट्रक परिचालक की दबकर मौत हो गई। टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुआ दूसरा ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में खड़े ट्रक के पास मौजूद परिचालक उसके नीचे दब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक हटाकर परिचालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के सितारगंज निवासी चालक मलकीत सिंह और परिचालक गुरबचन पुत्र गुलजार सिंह ट्रक संख्या PB-08-DD-2903 में पंजाब के लुधियाना से साइकिल के पार्ट्स लेकर पटना जा रहे थे। शुक्रवार देर रात बिडौली क्षेत्र में कालामाजरा गांव के निकट एक होटल के सामने चालक ने लघुशंका के लिए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। चालक कुछ दूरी पर चला गया, जबकि परिचालक गुरबचन ट्रक से उतरकर उसके पास खड़ा हो गया।
इसी दौरान करनाल की ओर से आ रहे ट्रक संख्या PB-11-D-2221 का टायर फट गया। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलट गया। इस दौरान पास खड़ा परिचालक गुरबचन ट्रक के नीचे दब गया।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटवाकर परिचालक को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक के भी ट्रक के नीचे दबे होने की सूचना से पुलिस कई घंटे तक उसकी तलाश करती रही। बाद में ट्रक मालिक के मौके पर पहुंचने पर चालक के सुरक्षित होने की जानकारी हुई।बिडौली पुलिस चौकी प्रभारी ओमबीर सिरोही ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button