
एनएच-44 सतरवांस पुल के पास कोतवाली और बिरधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पीले ट्रॉली बैग में छिपाकर लाया था गांजा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली पुलिस और चौकी बिरधा पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.232 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर बेचने के लिए ललितपुर आया था। उसके कब्जे से गांजे के अलावा नकदी, पर्स और वीवो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चौकी बिरधा प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बाहरी व्यक्ति पीले रंग का ट्रॉली बैग लेकर बिरधा क्षेत्र में घूम रहा है और उसके पास अवैध मादक पदार्थ है। वह गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी ने क्षेत्राधिकारी पाली/सदर राजेश कुमार श्रीवास्तव को अवगत कराया। इसके बाद उनके निर्देशन में कोतवाली पुलिस और चौकी बिरधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने एनएच-44 की सर्विस रोड पर सतरवांस ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम जनपद बांदा की शहर कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला बन्योटा निवासी सत्यम सिंह पुत्र स्व. बलराम सिंह बताया। तलाशी के दौरान उसके दाहिने हाथ में पकड़े पीले रंग के सफारी लिखे अटैची बैग से भूरे रंग की टेप से लिपटे सात पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से पैकेटों में मिले पदार्थ का वजन कराया, जो कुल 7.232 किलोग्राम गांजा निकला। इसके अलावा आरोपी के पास से एक पर्स, नकदी और वीवो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से खरीदकर लाया था और इसे अलग-अलग स्थानों पर बेचने की तैयारी में था। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक राजपत्रित अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पाली/सदर राजेश कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के प्रावधानों के तहत तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से की गई। पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में लेकर आरोपी सत्यम सिंह के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।



