दिल्ली

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले एनडीएमसी ने सजाई नई दिल्ली

15 हजार से अधिक गमलेदार पौधे लगाए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली : आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजधानी में हरियाली और सौंदर्यीकरण कार्य तेज कर दिए हैं। इसके तहत 15,000 से अधिक गमलेदार पौधे लगाए जा रहे हैं। वहीं 15 प्रमुख स्थानों पर ब्रिक्स थीम आधारित पुष्प बोर्ड और 9 स्थानों पर आकर्षक पुष्प फव्वारे लगाए जाएंगे।

एनडीएमसी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों, गोलचक्करों, बाजारों, होटलों, प्रवेश बिंदुओं और केंद्रीय वर्ज पर फूलदार एवं सजावटी पौधों को कलात्मक ढंग से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही झाड़ियों, पेड़ों और सजावटी पौधों का बहु-स्तरीय पौधरोपण कर खाली स्थानों को हरित आवरण दिया गया है।

मार्गों की सुंदरता बनाए रखने के लिए हेज, झाड़ियों और टोपियरी की नियमित कटाई-छंटाई की जा रही है। अधिक बढ़ी शाखाओं को हटाने और संकेतक बोर्डों की दृश्यता बेहतर करने के लिए विशेष वृक्ष-छंटाई अभियान भी चलाया गया है।

सम्मेलन के मार्गों पर लगाए जाने वाले पुष्प बोर्ड और फव्वारे नई दिल्ली के सौंदर्य को बढ़ाने के साथ विदेशी प्रतिनिधियों के लिए स्वागत का संदेश देंगे।

एनडीएमसी ने चाणक्यपुरी स्थित ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया है। करीब 3 एकड़ में फैले इस उद्यान की स्थापना 2016 में भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की स्मृति में की गई थी। यहां गुलाब की 107 किस्में हैं। उद्यान में घास की कटाई, पौधों की छंटाई, लैंडस्केपिंग और पुष्प सज्जा का कार्य किया जा रहा है।

इसके अलावा चाणक्यपुरी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव और आसपास के वीआईपी मार्गों पर भी बागवानी एवं सौंदर्यीकरण कार्य तेज किए गए हैं, ताकि ब्रिक्स प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए नई दिल्ली को हरा-भरा, सुंदर और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button