कानपुर
नानचाकू नेशनल टूर्नामेन्ट में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने माता-पिता का गौरव बढ़ाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : शुक्रवार को कोआपरेटिव इस्टेट द्वारा दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित ‘कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल’ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने नानचाकू यूथ ओलम्पिक एवं नानचाकू नेशनल टूर्नामेन्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने माता-पिता का गौरव बढ़ाया है। आज विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर एवं लोक लेखा समिति के पूर्व सभापति तथा विद्यालय के अध्यक्ष अजय कपूर ने विजेता छात्र-छात्राओं को अपने कर-कमलों से पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उल्लेखनीय है कि कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ निःशुल्क यूनिफार्म, कापी-किताबें, बस्ते, स्टेशनरी, जूते-मोजे एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। विद्यालय में बच्चों की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र अब पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। नानचाकू की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अनेक पदक अपने नाम कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अजय कपूर ने विजेता बच्चों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन एवं उनके बड़े भाई विजय कपूर तथा क्षेत्र के उद्यमीगण बच्चों की शिक्षा, खेल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तथा अपने विद्यालय और माता-पिता का गौरव बढ़ाएँ।कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों को शिक्षित करने में किए जा रहे समर्पित एवं निष्ठापूर्ण कार्य की सराहना की। साथ ही, बच्चों की शिक्षा एवं विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग प्रदान करने वाले उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इनमें से नेशनल में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को कोआपरेटिव इस्टेट के उद्यमियों की तरफ से विशेष पुरस्कार भी दिया जायेगा। कोआपरेटिव इस्टेट का उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के श्रमिकों एवं उनके परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेन्द्र गुप्ता, प्रेमराज, सुधीर खन्ना, नरेश विरमानी, पंकज गिरधर, डिप्टी कुमार, प्रमोद यादव, गुरविन्दर सिंह, अनूप कुशवाहा, अवधपाल सिंह, मुकेश रामचंदानी, यशपाल सचान, अमित मलिक, हर्ष तनेजा, अंकुर खन्ना, नानचाकू कोच बाबुल कुमार सहित आदि लोग उपस्थित रहे।



