
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मखनी गांव में बुधवार शाम पुलिस ने नदी किनारे आसमान घाट के पास झाड़ियों के बीच से कब्र खोदकर एक महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान जूही मेरिना किस्कू, पति देवीलाल किस्कू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जूही मेरिना किस्कू करीब दो माह से लापता थी। परिजनों ने इस संबंध में मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति देवीलाल किस्कू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पति ने पत्नी की हत्या कर शव दफनाने की बात स्वीकार की और उसके निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि मृतका का पति देवीलाल किस्कू पूर्व सेना का जवान है। फिलहाल पुलिस ने मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया के साथ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



