गोड्डा

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन की योजनाओं की हुई समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित जलापूर्ति एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित SVS, MVS एवं अन्य जलापूर्ति योजनाओं की योजना-वार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों से योजनाओं की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी ली। इस दौरान जलापूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। RCD/NH से संबंधित NOC के मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक समन्वय के माध्यम से लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में L&T एजेंसी से संबंधित भूमि अधिग्रहण के मामलों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने L&T के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे भू-अर्जन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों का समाधान कराएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
उपायुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि निर्माणाधीन जलापूर्ति योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने निर्देश दिया कि जिले में शौचालय की सुविधा से वंचित सभी पात्र लाभुकों को चिह्नित करते हुए अगले माह तक उनके घरों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए छूटे हुए लाभुकों की सूची तैयार करने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र परिवार शौचालय की सुविधा से वंचित न रहे।
बैठक में आगामी 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत निर्धारित दैनिकवार गतिविधियों का प्रभावी रूप से आयोजन एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें आमजन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों एवं अन्य संबंधित संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन करने, स्वच्छता के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता, कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button