गोड्डा
एसआईआर को लेकर जनसुनवाई, कोयला पंचायत भवन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
निर्वाचन आयोग के नोटिस के बाद नाम, पिता के नाम समेत अन्य त्रुटियों में सुधार के लिए फॉर्म भरने पहुंचे ग्रामीण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कोयला पंचायत भवन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। निर्वाचन आयोग से संबंधित नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने मतदाता संबंधी दस्तावेजों एवं आवश्यक जानकारी के साथ पंचायत भवन पहुंचे। सुबह से ही पंचायत भवन परिसर में ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम, पिता के नाम समेत अन्य विवरणों में त्रुटियों की जांच कराई। जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की गलती पाई गई, उन्होंने निर्धारित फॉर्म भरकर उसमें सुधार के लिए आवेदन किया। कई ग्रामीण अपने परिवार के सदस्यों के मतदाता विवरण की भी जांच कराते नजर आए। मौके पर मौजूद कर्मियों ने ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की अपील की गई। जनसुनवाई के दौरान बूथ क्रमांक 322 और 323 से संबंधित मतदाताओं की भी काफी संख्या में उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने नाम, पिता का नाम एवं अन्य विवरणों में सुधार को लेकर फॉर्म जमा किया। इस दौरान नरेशचंद्र सेल्टेक्स पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर अरविन्द कुमार, बीएलओ सरमिष्ठा कुमारी, रौशन आरा, रूबी कुमारी, सहायक शिक्षक अमर कुमार, रोजगार सेवक मुजीब आलम, शरीफ आलम सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।



