बरेली
नगर निगम के अतिक्रमण अभियान में हंगामा, जेसीबी रोकने की कोशिश, सामान जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सिविल लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। चौकी चौराहे से पटेल चौक तक चले अभियान में सड़क किनारे लगे खोखे, ठेले और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया और जेसीबी रोकने की कोशिश की। ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामान ले जाने को लेकर प्रवर्तन दल और अतिक्रमणकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। विरोध बढ़ने पर टीम ने लाठियां फटकार कर लोगों को हटाया और सामान जब्त कर लिया।
अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण से जाम की समस्या बनी हुई थी। कई बार चेतावनी के बाद भी दोबारा कब्जा कर लिया गया था। अभियान में अतिक्रमणकारियों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।


