बरेली
बहेड़ी में समाधान दिवस पर 50 शिकायतें आईं, दो राशन कार्ड मौके पर बने

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । तहसील बहेड़ी के सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। डीएम अविनाश सिंह ने जनसामान्य की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में चकबंदी, भूमि विवाद, राजस्व, राशन कार्ड, आवास, पेंशन और सड़क सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी 50 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीएम के निर्देश पर पात्रता के आधार पर दो लाभार्थियों के राशन कार्ड मौके पर ही बनाए गए। शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीडीओ देवयानी यादव, एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


