कानपुर में शॉर्ट फिल्म ‘गैराज का लव’ की शूटिंग शुरू
दिखेगी मैकेनिक और पढ़ी-लिखी लड़की की अनोखी प्रेम कहानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर मे रविवार को एक नई शॉर्ट फिल्म की हलचल शुरू हो गई है। पारिवारिक और इमोशनल ड्रामा से भरपूर शॉर्ट फिल्म ‘गैराज का लव’ की शूटिंग 19-20 सितंबर से कानपुर में आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। इस फिल्म के जरिए दर्शकों को भावनाएं और समाज के दो अलग-अलग वर्गों के बीच पनपते प्यार की एक मर्मस्पर्शी कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म की कहानी एक कार गैराज में काम करने वाले मिस्त्री गौरव के इर्द-गिर्द घूमती है। गौरव से एक पढ़ी-लिखी और संभ्रांत परिवार की लड़की को प्यार हो जाता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब लड़की की शादी कहीं और तय हो जाती है। इसके बाद गौरव समाज और अपनी स्थिति को लेकर गहरी हीन भावना से जूझने लगता है। यह फिल्म पारिवारिक ताने-बाने और इमोशनल ड्रामा के कई अनछुए पहलुओं को बेहद संजीदगी से पर्दे पर उतारेगी। इस शॉर्ट फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में गौरव प्रजापति, प्रियांशी, करण कपूर और योगेंद्र श्रीवास्तव नजर आएंगे। इसके साथ ही बाल कलाकार के रूप में आरव और कानपुर के थिएटर जगत से जुड़े कई अन्य प्रतिभावान चेहरे भी अभिनय करते दिखेंगे। मुख्य कलाकार गौरव प्रजापति के कई गाने पहले ही यूट्यूब चैनल (गौरव स्टूडियो) पर धूम मचा चुके हैं, जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। इसी कामयाबी से उत्साहित होकर वह बैक-टू-बैक कई फिल्मों की शूटिंग करने जा रहे हैं। गौरव ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म कानपुर और उसके बाहर के नए कलाकारों के लिए एक बेहतरीन मौका है, जहां वे आकर अपनी प्रतिभा और टैलेंट दुनिया के सामने रख सकते हैं। फिल्म को तकनीकी और रचनात्मक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक अनुभवी टीम दिन-रात काम कर रही है। मेकर्स के अनुसार, इस शॉर्ट फिल्म की शूटिंग कानपुर के विभिन्न खूबसूरत और वास्तविक लोकेशंस पर की जा रही है। शूटिंग पूरी होने के बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से निपटाया जाएगा। यह फिल्म बहुत जल्द देश के प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब पर दर्शकों के लिए रिलीज की जाएगी।


