जनकल्याणकारी योजनाओं पर लिया फीडबैक, समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा की ओर से क्षेत्र के गांव बिडोली (म्यान कस्बा) आमवाली,रामनगर में विशेष जनसंवाद अभियान चलाया गया। अभियान के तहत किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक लिया। अभियान में किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बंटी चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचने की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई।कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और सरकार की योजनाओं से जुड़ी उनकी अपेक्षाओं को भी जाना। साथ ही लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई।
भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि जनसंवाद अभियान का उद्देश्य सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जनता की राय और समस्याओं को जानना है। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने से जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव और लोगों की वास्तविक जरूरतों की जानकारी मिलती है।
इस दौरान किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनसंपर्क की भावना के साथ मनाते हुए आमजन से संवाद जारी रखने का संकल्प लिया।



