
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कटंगी, बालाघाट। नगर के वार्ड नंबर पांच में महिला मंडल की पहल पर लगातार दूसरे वर्ष भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई। गणेशोत्सव के दौरान यहां प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
महिला मंडल द्वारा गणेशोत्सव के अवसर पर प्रतिदिन भंडारे एवं महाप्रसाद का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा सुंदरकांड पाठ, बच्चों के लिए खेल एवं डांस प्रतियोगिता तथा मटकी फोड़ सहित विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में स्थानीय नागरिकों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
महिला मंडल द्वारा महिलाओं को संगठित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला समूह का संचालन भी किया जा रहा है।
इसके माध्यम से कटंगी विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
गणेश प्रतिमा स्थापना एवं उत्सव आयोजन में महिला मंडल की सदस्य छाया मयलानी, ज्योति नेवारे, कृष्णा माड़वी, विनिता पटले, शकुंतला पटले, अंजली खड़से, मनीषा नेवारे, शुभन बाई शेन्द्धे, चंद्रकला पटले, विनिता वाधवानी, लक्ष्मी सिरसाटे, रेखा वाधवानी, दुर्गा संडे, जुगन बाई बंशपाल सहित समूह की अन्य महिलाओं की सक्रिय भूमिका है।
महिला मंडल के सदस्यों ने बताया कि गणेशोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और महिला सहभागिता को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।




