सिंगरौली
राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर स्वच्छता अभियान एवं विचार गोष्ठी का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शक्तिनगर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर, सोनभद्र की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय एवं तृतीय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान के उपरांत बौद्धिक चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं सामाजिक योगदान पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मंच एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए स्वयंसेवक अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को सेवा भावना के साथ समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं प्रथम कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मानिक चंद पांडेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर योजना की मूल भावना और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से स्वयंसेवक अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ समाज के विकास को नई गति प्रदान कर सकते हैं। योजना के मूल में ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ की भावना निहित है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि जब तक युवा समाज से जुड़कर कार्य नहीं करेगा, तब तक उसके भीतर समाज और देश के प्रति गौरव की भावना का समुचित विकास नहीं हो सकेगा। राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अनुराग एवं जिम्मेदारी की भावना भी उत्पन्न करती है।
कार्यक्रम में डॉ. रागिनी श्रीवास्तव ने स्वयंसेवकों को नियमित रूप से शिविरों में उपस्थित रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक भावना के साथ सेवा कार्यों में सहभागिता करने का संदेश दिया। वहीं, स्वयंसेविका अंशिका सिंह मल्ल ने राष्ट्रीय सेवा योजना को छात्रों के व्यक्तित्व उन्नयन का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना के साथ स्वयंसेवक अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार पांडेय ने कार्यक्रम के आयोजन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर 1969 को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना की गई थी। इसका मूल उद्देश्य स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं को अध्ययन के साथ समाज से जोड़ना और उनमें सेवा भावना विकसित करना था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार गौतम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर डॉ. निशा सिंह, प्रशांत कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अविनाश कुमार दुबे, अजय लक्ष्मी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष जायसवाल, विकास कुमार चौबे, महक सिंह, तनु, साधना प्रजापति, नागेश एवं मुस्कान शर्मा सहित अन्य स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही।




