सिंगरौली

अवैध रेत से लदा हाइवा नहीं छूटा तो भड़का गुस्सा

सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाके में लगा दी आग

हाइवा छुड़ाने के कथित प्रयास भी नहीं आए काम, तीन नामजद समेत अन्य पर FIR
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन से जुड़ा मामला गंभीर विवाद में बदल गया है। सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाके पर पहुंचकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और आग लगाने के आरोप में बरगवां पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है।
FIR क्रमांक 0675/2026 में सत्यांश पाठक, प्रभु पाठक और अनुपम द्विवेदी समेत अन्य के खिलाफ BNS की धारा 296(b), 326(g) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार पटेल को सौंपी गई है।
हाइवा पकड़े जाने के बाद बढ़ा विवाद
FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार 24 सितंबर को रेत से लदा हाइवा क्रमांक MP19ZB7267 पकड़ा गया था। शिकायत में वाहन के पास वैध ई-टीपी नहीं होने की बात कही गई है। इसकी सूचना खनिज विभाग को दिए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
इसके बाद हाइवा छुड़ाने के लिए कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के माध्यम से प्रयास किए जाने की चर्चा है, लेकिन वाहन नहीं छूटने के बाद विवाद बढ़ने का आरोप है।
रात में रेत नाके पर पहुंचे लोग
FIR के मुताबिक 25 सितंबर की रात करीब 1 बजे सत्यांश पाठक, प्रभु पाठक, अनुपम द्विवेदी समेत अन्य लोग चारपहिया वाहन से सहकार ग्लोबल लिमिटेड के रेत नाका चेक पोस्ट पहुंचे।
आरोप है कि वहां कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई, रेत नाके में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। साथ ही CCTV कैमरे को उखाड़कर फेंकने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और आगजनी व तोड़फोड़ में किसकी क्या भूमिका रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button